बॉलीवुड में शुरु हुआ वॉर फिल्मों का ट्रेंड, सर्जिकल और एयर स्ट्राइक के बाद ऑपरेशन सिंदूर की तैयारी
न्युज डे नेटवर्क ,बॉलिवुड में वॉर फिल्मों का इतिहास काफी पुराना है. 1962, 1971 और 1999 की जंग और सर्जिकल स्ट्राइक व एयर स्ट्राइक को सिनेमा के पर्दे पर उतारने के बाद अब फिल्म निर्माता ऑपरेशन सिंदूर को बड़े पर्दे पर लाने की तैयारियों में जुटे हैं. सिनेमा की दुनिया में देशभक्ति फिल्मों का इतिहास काफी पुराना है. फिर चाहे बात ‘हकीकत’ और बॉर्डर जैसी बहुचर्चित फिल्मों की करें या फिर कोरोना से पहले सुपरहिट हुई ‘उरी- द सर्जिकल स्ट्राइक’ की. वर्दी पहनकर देश के लिए लोहा लेने वाले जांबाजों को बड़े पर्दे पर देखना हमेशा से दर्शकों को लुभाता रहा है. हालांकि बीच के सालों में यह ट्रेंड कमजोर पड़ गया था. लेकिन साल 2016 में भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में घुसकर आतंकी कैंपों को नष्ट करने वाली सर्जिकल स्ट्राइक पर बनी फिल्म ‘उरी- द सर्जिकल स्ट्राइक’ की जोरदार सफलता ने एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी के इस फार्मूले पर मुहर लगा दी. खासकर कोविड के बाद वर्दी वाले हीरोज की कहानी को बड़े पर्दे पर उतारने के ट्रेंड ने एक बार फिर जोर पकड़ा.

